चरखी दादरी। गांव खेड़ी बूरा स्थित सांगू धाम पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें हाल ही में वर्ल्ड कप अंडर-19 विजेता क्रिकेट टीम के सदस्य गर्व सांगवान को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार चंडीगढ़ में हाल ही में संपन्न हुए ऑल इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा को गोल्ड मेडल दिलाने वाली चंदेनी निवासी खिलाड़ी सोनू सांगवान को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मुंबई में संपन्न हुए ओलंबिया खेलों में बॉडी बिल्डिंग में कांस्य पदक विजेता अरविंद महला, मथुरा में राष्ट्रीय स्तर की 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक विजेता बिरही कलां निवासी अमिता सांगवान को सांगवान खाप ने सम्मानित किया। सांगवान खाप के प्रधान एवं दादरी के विधायक सोमबीर सांगवान, कन्नी 22 के प्रधान दिलबाग सिंह, कन्नी- 13 के प्रधान सूरजभान, सचिव नरसिंह डीपीई ने इन खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर सांगवान खाप के प्रधान सोमवीर सांगवान ने कहा प्रतिवर्ष 21 फरवरी को सांगू धाम पर क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित करने की पहल की जाएगी। देश- विदेश में कहीं भी सांगवान गोत्र की प्रतिभा को विशेष तौर पर आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, इन प्रतिभावान खिलाड़ियों ने इस समारोह के लिए सांगवान खाप-40 का आभार व्यक्त किया। गर्व सांगवान ने कहा कि इस तरह के सम्मान से भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। कबड्डी खिलाड़ी सोनू सांगवान ने कहा कि खाप के हाथों सम्मानित होकर गौरव की अनुभूति हुई है और भविष्य में मै इसी प्रकार मेहनत कर क्षेत्र व राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन करूंगी। समारोह को रणधीर सिंह घिकाड़ा, रविंद्र छपार, पूर्व सरपंच दलबीर गांधी, लोक कवि सतीश सांगवान ने भी संबोधित किया।
- शादियों में डीजे बजाने पर लगाई रोक
सांगू धाम पर आयोजित समारोह में सांगवान खाप के पदाधिकारियों ने सभी गांवों में शादियों में डीजे बजाने पर रोक लगाने का फैसला भी लिया है। खाप सचिव नरसिंह डीपीई ने बताया कि इस फैसले की पालना करवाने के लिए गांवों में बाकयदा कमेटी नजर रखेगी। उन्होंने बताया कि सामाजिक कुरीतियों को लेकर खाप पहले भी इस प्रकार के फैसले लेती रही है।