चरखी दादरी। अगर किसी मतदाता के पास निर्वाचन आयोग की ओर से जारी मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो वह वैकल्पिक पहचान का प्रमाण दिखाकर अपने मत का प्रयोग कर सकेगा। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक दस्तावेजों की सूची जारी की है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि मतदान के लिए 11 वैकल्पिक दस्तावेजों का सहारा मतदाता ले सकता है, बशर्ते उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को राहत देते हुए कहा है कि कोई भी मतदाता जिसका नाम मतदाता सूची में दर्ज है वह वैकल्पिक पहचान दस्तावेज जैसे पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, बैंक या डाकघर की ओर से जारी पासबुक, राज्य, केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से जारी किए गए फोटोयुक्त पहचान पत्र, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड आदि के जरिये भी अपने मत का इस्तेमाल कर सकता है।
मतदान केंद्र पर पहुंचकर प्रत्येक मतदाता डालें वोट : उपायुक्त
चरखी दादरी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने जिला के सभी मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी अपने घरों से बाहर निकलकर मतदान केंद्र पर जाएं व वोट करें। जिले का प्रत्येक मतदाता जागरूक व जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं।
जिला के मतदाताओं के लिए जारी अपील में उपायुक्त ने कहा है कि सभी मतदाता अपने विवेक एवं अंतर आत्मा की आवाज, बिना किसी लोभ, लालच व भय के अवश्य मतदान करें। मतदाता लोकतंत्र के इस महान पर्व पर अपने मताधिकार का जरूर प्रयोग करें और अपने आस पड़ोस के लोगों को भी वोट डालने के लिए प्रेरणा दें। भारत दुनिया में सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और हमारे देश की चुनाव प्रक्रिया पूर्णतया निष्पक्ष होती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले वासियों से कहा कि मतदान करना हमारा अधिकार ही नहीं कर्तव्य भी है। अपने देश के उज्ज्वल भविष्य और समग्र विकास के लिए मतदान जरूर करें। जिला के अन्य अधिकारियों ने भी मतदाताओं से वोट की अपील की है।