चरखी दादरी में लघु सचिवालय के पार्क में योग क्रियाओं का अभ्यास करते प्रवक्ता, डीपीई और पीटीआई।
चरखी दादरी। जिला प्रशासन और आयुष विभाग दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी में जुट गया है। इसके तहत सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्रवक्ता, पीटीआई और डीपीई को तीन दिवसीय दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लघु सचिवालय के पार्क में बुधवार से योग प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई। इसका समापन 31 मई को किया जाएगा।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राकेश वशिष्ठ ने बताया कि आयुष विभाग के महानिदेशक अंशज सिंह और जिला उपायुक्त मनदीप कौर के मार्गदर्शन में इस अभ्यास सत्र में लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सामान्य योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि योग हमारे शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ रखता है। हर नागरिक को स्वस्थ रहने के लिए रोजाना योगाभ्यास करना चाहिए।
आयुष विभाग के योग अनुदेशक अमन फौगाट, नविता, मास्टर दिनेश शास्त्री, योग सहायिका रजनी ने सुबह छह से 7:30 बजे तक कई लोगों को योग का अभ्यास करवाया। इस अवसर पर आयुष विभाग के जिला योग समन्वयक डाॅ. प्रमिल फौगाट, डाॅ. सुनील जांगड़ा, डॉ. एसपी गुप्ता, सहायक शिक्षा अधिकारी पवन कुमार समेत शिक्षा विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।