फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: गर्मी में हांफने लगी एक्स-रे मशीन, जिला नागरिक अस्पताल में एसी बंद होने से बार-बार ठप हो रही मशीन

Sun, 26 Apr 2026 11:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
नागरिक अस्पताल में रखी पोर्टेबल एक्सरे मशीन। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। भीषण गर्मी का असर अब स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखने लगा है। जिला नागरिक अस्पताल में एक्स-रे कक्ष की मुख्य मशीन अत्यधिक गर्म होने के कारण बार-बार बंद करनी पड़ने लगी है जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. कमल कुमार का कहना है कि नागरिक अस्पताल में एक्स-रे कक्ष में लगे एयर कंडीशनर सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। पर्याप्त कूलिंग नहीं मिलने से मशीन का तापमान सामान्य स्तर से काफी ऊपर पहुंच जाता है जिससे उसकी कार्यप्रणाली प्रभावित होती है। तकनीकी कारणों से मशीन को बार-बार बंद कर ठंडा करना पड़ता है।
रोजाना होते हैं करीब 250 एक्स-रे
एक्स-रे कक्ष में उमस और गर्मी के कारण मरीजों और कर्मचारियों दोनों को कठिनाई झेलनी पड़ रही है। रोजाना बड़ी संख्या में मरीज एक्स-रे के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मशीन की बार-बार रुकावट से लंबी कतारें लग जाती हैं। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 250 एक्स-रे किए जाते हैं, जबकि मौजूदा मशीन की क्षमता इस संख्या की तुलना में कम है। गर्मी बढ़ने से सेवा और अधिक प्रभावित हो गई है। दूर-दराज से आने वाले मरीजों, हड्डी रोग विभाग से रेफर वृद्ध और गंभीर रूप से घायल लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार मरीजों को बिना एक्स-रे कराए लौटना पड़ता है।
विज्ञापन

पोर्टेबल मशीन से चल रहा काम
मुख्य मशीन बंद होने की स्थिति में अस्पताल प्रशासन पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से काम चला रहा है। हालांकि इस मशीन से रीढ़, कूल्हे और अन्य जटिल जांच संभव नहीं हो पातीं जिससे मरीजों की दिक्कत और बढ़ जाती है। तीमारदारों का कहना है कि बीमारी के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं की कमी भी मरीजों की परेशानी बढ़ा रही है।
-
एक्स-रे कक्ष में लगे एसी कम क्षमता के हैं। इनके स्थान पर नए एसी लगवाने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही कक्ष में नए और अधिक क्षमता के एसी लगवाए जाएंगे जिससे मशीन सामान्य रूप से चलती रहे और मरीजों को भी परेशानी नहीं होगी। - डॉ. कमल कुमार, डिप्टी सिविल सर्जन, दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें