संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। डूंगरवाला जोहड़ से समसपुर एसटीपी तक बिछाई जाने वाली 56 इंच पाइप लाइन का कार्य रेलवे विभाग की एनओसी नहीं मिलने से रुका हुआ है। एनओसी लेने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता पिछले दो दिनों से बीकानेर मंडल मुख्यालय में डेरा डाले हुए हैं, ताकि जनस्वास्थ्य विभाग निर्धारित समय अवधि से पहले दो किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाने का कार्य समाप्त कर सके।
जनस्वास्थ्य विभाग ने लगभग पांच माह पहले डूंगरवाला जोहड़ से समसपुर एसटीपी तक 56 इंच पाइप लाइन बिछाने का शुरू किया था। रोहतक रोड स्थित रेलवे लाइनों के नीचे से पाइपलाइन डालने का काम रेलवे से अनुमति न मिलने के चलते रुका पड़ा है। इसके चलते आगे भी काम नहीं हो पा रहा है। लंबे समय तक जनस्वास्थ्य विभाग ने रेलवे मंडल से पत्राचार किया लेकिन अनुमति नहीं मिल पाई। कार्य को तय समय अवधि में पूरा करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता ब्रिजेश जावला एनओसी से संबंधित सभी कागजात लेकर बीकानेर मंडल मुख्य कार्यालय पहुंचे हैं, ताकि रेलवे मंडल के अधिकारियों अनुसार कागजी कार्रवाई पूरी करवा सके।
60 मीटर लंबी पाइप के लिए लेनी है एनओसी
रोहतक रोड स्थित रेलवे फाटक के पास से 56 इंच पाइप लाइन बिछाने के लिए 60 मीटर लंबा क्षेत्र रेलवे मंडल के अंतर्गत आता है। ऐसे में रेलवे मंडल के अधीन आने वाले क्षेत्र में बिना अनुमति के कार्य नहीं किया जा सकता। जनस्वास्थ्य विभाग अनुमति लेने के लिए कई बार रेल मंडल के अधिकारियों को मौका मुआयना भी करवा चुका है, लेकिन 4 माह गुजर जाने के बाद भी एनओसी नहीं मिल पाई।
बीटी बिल के जमा करवा चुके है 10.40 लाख रुपये
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रेलवे मंडल के पास बीटी बिल के नाम पर 10 लाख 40 हजार रुपये भी जमा करवा चुके है। इसके अलावा भी जो अन्य भुगतान भी किए जा चुके हैं। बावजूद इसके एनओसी नहीं मिल पाई। इसके चलते रेलवे फाटक के दोनों तरफ पाइपलाइन डालने का कार्य रुका हुआ है।
रेलवे के क्षेत्र में बिछाई जाएगी 70 इंच लोहे की पाइप
रोहतक रोड पर 60 मीटर के क्षेत्र में बिछाई जाने वाली 70 इंच पाइप लोहे की होगी। लोहे की पाइप के अंदर से प्लास्टिक की 65 इंच पाइप को आसानी से गुजारा जा सकता है। रेलवे के अधिकार क्षेत्र में डाले जाने वाले पाइप भी विशेष बताए गए हैं। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गाजियाबाद की एक एजेंसी को पाइप के ऑर्डर कर दिए हैं ताकि जल्दी से पाइप लाइन के कार्य को पूरा करवाया जा सके।
वर्सन:
सोमवार तक रेलवे बीकानेर मंडल से एनओसी मिलने की उम्मीद है। इसके तुरंत बाद अधर में पड़ी पाइपलाइन कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। जनवरी 31 तक पाइप लाइन बिछाने के कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। - ब्रिजेश जावला, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग
फोटो: 08
रोहतक रोड रेलवे फाटक के पास रखे प्लास्टिक के 65 इंची पाइप। संवाद
फोटो: 09
जिला उपायुक्त निवास के पास अधर में अटका पाइप लाइन का कार्य। संवाद
फोटो: 10
बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बाहर फाइल के साथ खड़े जेई ब्रिजेश जावला। स्त्रोत: स्वयं