पूर्ण मार्केट में सफाई करते हुए प्रधान संदीप फोगाट।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से चल रही हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इसका असर अब बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। पूर्ण मार्केट में कई दिनों से सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे।
कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण दुकानदारों के साथ खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था से कारोबार प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए शनिवार को पूर्ण मार्केट प्रधान संदीप फोगाट ने स्वयं पहल की और दुकानदारों के साथ हाथ में झाड़ू उठाकर सफाई अभियान शुरू किया।
बस स्टैंड के सामने स्थित पूर्ण मार्केट प्रधान ने मार्केट की चार गलियों में दुकानदारों के साथ मिलकर सफाई की। इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर दुकानों के सामने जमा कचरा साफ किया। अभियान के तहत 80 से अधिक दुकानों के सामने सफाई की गई। मार्केट प्रधान को स्वयं सफाई करते देखकर कई दुकानदार भी आगे आए और अभियान में सहयोग किया। इससे कुछ समय के लिए मार्केट में सफाई को लेकर सामूहिक प्रयास का माहौल दिखाई दिया।
बॉक्स: दुकानदारों ने की पहल की सराहना
सफाई अभियान में शामिल दुकानदारों ने मार्केट प्रधान की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण बाजार में लगातार गंदगी बढ़ रही थी। ऐसे समय में प्रधान ने स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई की शुरुआत की, जिससे अन्य दुकानदार भी अभियान में शामिल हुए।
वर्जन:
प्रशासन के भरोसे बैठने के बजाय उन्होंने स्वयं सफाई अभियान शुरू करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि बाजार सभी दुकानदारों का है और इसे साफ रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संदीप फोगाट, प्रधान, मोबाइल मार्केट, दादरी।