अनाज मंडी में दूसरे राज्य से ट्रक में भरकर लाए गए गेहूं को मंडी में उतारते समय मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने पकड़ लिया। ट्रक मंगवाने वाले आढ़ती पर मार्केट कमेटी ने 23880 रुपये की मार्केट कमेटी फीस और जुर्माना लगाया है।
सरकार की ओर से 3 मई तक मंडियों को अस्थायी तौर पर बंद कर रखा है। इस दौरान न तो कोई गेट पास कट रहा है और न ही खरीद हो रही है। एक आढ़ती द्वारा रात्रि में अनाज मंडी में अन्य प्रदेश से सस्ते भावों में गेहूं लाकर ट्रक को मंडी में खाली किया जा रहा था। इसके लिए कोई गेट पास नहीं काटा गया था। अनाज मंडी में रात के समय अन्य प्रदेश का गेहूं लाने की सूचना मिलने पर मार्केट कमेटी की टीम वहां पहुंच गई। मंडी सुपरवाइजर जयप्रकाश ने बताया कि उसे सूचना मिली की यूपी नंबर का एक ट्रक मंडी में खाली हो रहा है। उसने तुरंत मौके पर पहुंचा और पूछताछ में पता चला यह गाड़ी मनजीत ट्रेडिंग कंपनी पर खाली हो रही है। हमने 23880 रुपये मार्केट फीस व जुर्माना लगाया है।