फोटो 10 : वार्ड चार में स्टेडियम रोड, जहां पेयजल लाइन बिछाने के अलावा फुटपाथ का निर्माण होगा। संवाद
36 लाख की लागत से स्टेडियम रोड स्थित गली में बिछाई जाएगी पाइपलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी शहर के वार्ड चार में स्टेडियम रोड स्थित गली नंबर 8 में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से एक किलोमीटर लंबी पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा, नगर परिषद की ओर से स्टेडियम रोड पर सड़क के दोनों तरफ इंटरलॉक टाइलों से फुटपाथ भी बनाया जाएगा। पेयजल लाइन बिछाने के बाद कॉलोनीवासियों को पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी मिल सकेगा, वहीं, फुटपाथ बनने के बाद पैदल राहगीरों को काफी राहत मिलेगी।
वार्ड चार स्थित स्टेडियम रोड पर गली नंबर आठ में पेयजल आपूर्ति के लिए लगभग 20 साल पहले सीमेंट की पाइपलाइन बिछाई गई थी। दो दशक पुरानी पेयजल लाइन कई स्थानों से लीक हो चुकी है। इसके कारण काॅलोनी में पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाती है।
लगातार जर्जर हो रही पेयजल लाइन बदलवाने के लिए कॉलोनीवासी कई बार जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय के अधिकारियों को लिखित शिकायत दे चुके थे। लेकिन, संबंधित विभाग के अधिकारी बजट के अभाव का नाम लेकर भेज देते थे।
अब दादरी के विधायक सुनील सांगवान, वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट के प्रयासों से लोहे की पाइपलाइन बिछवाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से 36 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है ताकि, वार्डवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
विधायक ने बताया कि पेयजल लगने के बाद कॉलोनी के 300 से अधिक घरों को फायदा होगा। इसके अलावा, स्टेडियम रोड की नवनिर्मित सड़क के दोनों तरफ राहगीरों के लिए फुटपाथ का भी निर्माण करवाया जाएगा ताकि सुबह-सायं सैर करने वाले लोगों को सड़क के बीच न चलना पड़े।
बॉक्स :
कॉलोनी में नहीं पहुंच पाता था पीने का पानी
जर्जर हो चुकी सीमेंट की पाइपलाइन से आपूर्ति हुआ पानी टेल तक नहीं पहुंच पाता था। इससे स्थानीय लोगों को पीने का पानी टैंकरों व कैंपरों से मंगवाना पड़ता था। इससे स्थानीय लोगों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ता था। पेयजल लाइन बिछने के बाद लोहे के पाइप से समान रूप से कॉलोनी में पेयजल पहुंच सकेगा।
बॉक्स :
फुटपाथ बनने से हादसों का नहीं रहेगा अंदेशा
स्टेडियम रोड पर सड़क के दोनों तरफ इंटरलॉक टाइलों से फुटपाथ बनने से राहगीरों को बीच सड़क नहीं चलना पड़ेगा। इससे सड़क के बीच गुजरने वाले वाहनों से होने वाले हादसों से बचा जा सकेगा। वहीं, इसके साथ लोग आसानी से सैर आदि कर सकेंगे।
वर्सन :
वार्ड चार में पेयजल आपूर्ति के लिए करीब एक किलोमीटर लंबी लोहे की पाइपलाइन बिछवाने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। लाइन बिछाने के लिए निविदा भी आवंटित की जा चुकी है। जल्द ही एजेंसी की ओर से काम शुरू कर दिया जाएगा।
संदीप फोगाट, वार्ड पार्षद व वाइस चेयरमैन नगर परिषद।