चरखी दादरी। सरकार के सख्त निर्देशों के बावजूद दादरी शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बाजारों में अब भी प्लास्टिक की थैलियां खुलेआम बिक रही हैं। दुकानदार भी बिना किसी भय के इनका उपयोग कर रहे हैं। नगर परिषद की ओर से समय-समय पर अभियान चलाए जाने के दावे तो किए जाते हैं लेकिन जमीन पर इन प्रयासों का असर नजर नहीं आ रहा है।
नगर परिषद दादरी ने पिछले चार महीनों में पॉलिथीन से संबंधित केवल 68 चालान काटते हुए एक लाख 62 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इनमें से अक्तूबर माह में केवल 9 चालान ही किए गए हैं। जो इस बात के संकेत हैं कि नगर परिषद की कार्रवाई सख्त होने के बजाय ढीली पड़ती जा रही है। इसके कारण शहर के मुख्य बाजारों से लेकर मोहल्लों तक दुकानदारों ने फिर निर्धारित से कम मानकों वाली प्लास्टिक थैलियों का प्रयोग शुरू कर दिया है।