गांव लांबा-कोहलावास के अड्डे पर लगे जाम के दौरान मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : 1
बौंद कलां। पिछले लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे गांव लांबा और कोहलावास के ग्रामीण मंगलवार को सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने दादरी-रोहतक रोड पर कुछ देर के लिए जाम लगाकर जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जाम की सूचना मिलते ही बौंद थाना पुलिस और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दो दिन में समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक ग्रामीण जाम लगाने के प्रयास में गांवों के अड्डे पर ही मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि पानी नहीं मिला तो आंदोलन होगा।
गांव लांबा के सरपंच अनिल कुमार, गांव कोहलावास की सरपंच कविता देवी की अगुवाई में गांव के अड्डे पर पहुंचे ग्रामीण अत्तर नंबरदार, भीम सिंह नंबरदार, रामभगत, बलराज, मांगे राम, मंजीत पूर्व सरपंच कोहलावास, राजू पूर्व सरपंच कोहलावास आदि ने बताया कि दोनों गांवों में लंबे समय से पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है। भीषण गर्मी के कारण हालात और अधिक खराब हो गए हैं। गांवों में लोगों के लिए पीने का पानी उपलब्ध नहीं है वहीं पशुओं के लिए भी पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है।
जलघरों के टैंक पूरी तरह खाली पड़े हैं और गांवों के जोहड़ भी सूख चुके हैं जिससे पशुपालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि सांजरवास माइनर में पानी आने के बावजूद गांवों तक पर्याप्त पेयजल नहीं पहुंच पा रहा है। कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया गया लेकिन समाधान नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ा।