बाढड़ा। गांव पिचौपा कलां में खेल स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं करने पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को रोष बैठक की। ग्रामीणों ने विधायक व जिला प्रशासन को एक सप्ताह का समय दिया है। ग्रामीणों ने निर्धारित समय में काम शुरू न करवाने पर दादरी-बाढड़ा सड़क मार्ग को जाम करने की चेतावनी दी है।
सरपंच अशोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रस्तावित खेल स्टेडियम की टेंडर प्रक्रिया रुकने पर रोष जताया गया। स्टेडियम के लिए 13 करोड़ का बजट जारी हो चुका है।
ग्रामीणों ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। स्टेडियम में प्रस्तावित सिंथेटिक ट्रैक बनाने पर रोक लगाई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार दो साल पहले जब स्टेडियम की ड्राइंग स्वीकृत हुई थी तब सिंथेटिक ट्रैक भी मंजूर हुआ था। ग्रामीणों ने कहा कि विधायक उमेद पातुवास को भी इस संबंध में अवगत करवा दिया गया है। विधायक ने एक सप्ताह का समय मांगा है।ग्रामीणों ने बैठक में चेताया कि अगर एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 20 गांवों के ग्रामीण दादरी-बाढड़ा मुख्य सड़क मार्ग को जाम करने को विवश होंगे। बैठक में सचिन सांगवान,अशोक सरपंच, पूर्व सरपंच महिपाल, छोटेलाल, कुलवंत पंच, आनंद कुमार, अशोक ठेकेदार, आसीन पंच, राजू, अजय आदि मौजूद रहे।