चरखी दादरी में कॉलेज रोड पर लगाए नाके पर वाहनों को रोकते पुलिसकर्मी।
चरखी दादरी। जिले में 25 मई को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग टीमें शुक्रवार को जनता कॉलेज और जेडीकेडीईएस स्कूल से रवाना हुईं। पोलिंग टीमों की रवानगी लेने के चलते प्रशासन ने कॉलेज रोड से सात घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रखी। सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिहाज से ऐसा किया गया। वहीं, इस मार्ग से आवागमन बंद रहने के चलते वाहन चालकों को लंबी दूरी तय कर गंतव्य पर पहुंचना पड़ा।
बता दें कि दादरी विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग टीमों को जनता कॉलेज से जबकि बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग टीमों को जनता कॉलेज के ठीक सामने स्थित जेडीकेडीईएस स्कूल परिसर में बनाए गए स्ट्रॉंग रूम से ईवीएम वितरित की गईं।
वहीं, ईवीएम वितरण और बूथों पर रवानगी के चलते ही सुबह ही यहां पोलिंग टीमों के कर्मचारियों की हलचल शुरू हो गई। इससे पहले ही पुलिस जवानों ने सुबह सात बजे दोनों शिक्षण संस्थाओं के दोनों तरफ नाकाबंदी कर वाहनों की आवाजाही बंद करवा दी। टीम ने वाहनों को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाने के साथ बाकायदा रस्सी भी बांधी। पोलिंग टीमें रवाना होने के बाद मार्ग वाहन चालकों के लिए खोल दिया गया।
आरओबी के नीचे और स्टेडियम रोड चौक पर लगाए गए नाके
वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिस ने एक नाका ढाणी फाटक ओरवरब्रिज के नीचे और दूसरा नाका ओवरब्रिज खत्म होते ही लगाया। वहीं, एक नाका स्टेडियम रोड चौक पर लगाया गया। इन नाकों से वाहनों के रूट डायवर्ट करवाए गए।