चरखी दादरी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राज शेखर वुंडरु ने शुक्रवार को समाधान शिविर सहित विभिन्न माध्यमों से प्रशासन को प्राप्त शिकायतों की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने जिले की जानकारी साझा की।
वीसी के बाद उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर, सीएम विंडो, जनसंवाद आदि के माध्यम से जिला प्रशासन को जो भी शिकायतें मिलती हैं, उनकी विस्तृत रिपोर्ट तय समय में अपलोड करें। उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि वे बैठक में आते समय अपने-अपने विभाग की शिकायतों का पूरा अपडेट डाटा साथ लेकर आएं ताकि प्रत्येक लंबित शिकायत की समीक्षा की जा सके।
उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, राजस्व विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एचएसवीपी, लोक निर्माण विभाग, योजना विभाग, शिक्षा विभाग आदि की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि वे लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान कर एटीआर व फोटो कार्यालय में भेजें तथा पोर्टल पर भी अपलोड करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान शिविर, सीएम विंडो, जनसंवाद पोर्टल पर आई प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें।