समीक्षा बैठक में मौजूद उपायुक्त मुनीश नागपाल व अन्य अधिकारी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सड़क सुरक्षा के लिए शुक्रवार को उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक की। उपायुक्त ने नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे, लोक निर्माण विभाग, मार्केटिंग बोर्ड, सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सड़कों पर बने गड्ढों को शीघ्र दुरुस्त करवाएं और सड़कों के किनारे खड़ी झांडियों को कटवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने जिले में ब्लैक स्पॉट क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के अधिक से अधिक चालान करने आदेश दिए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पैचवर्क कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाए और पैचवर्क कार्य मजबूती के साथ किया जाए। जिन स्थानों पर अस्थायी मरम्मत की गई है, उन सभी को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर स्थायी मरम्मत की जाए ताकि सड़क यातायात सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।
आरटीए कर रहा चालान : आरटीए सचिव मनोज कुमार ने सड़क सुरक्षा के बारे में समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के चालान कर जुर्माना लगाया जा रहा है।
स्कूल बसों के चालकों की आंखों की जांच के लिए समय-समय पर कैंप लगाए जा रहे हैं। रोड सेफ्टी अवेयरनेस कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्ययोजना की बनाएं सूची : पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि आवश्यक स्थानों पर कैट आई और साइन बोर्ड लगाए जाएं। विशेषकर तीव्र मोड़ पर स्पीड लिमिट और चेतावनी बोर्ड होना अनिवार्य है। यदि सड़क के बीच कोई खंभा लगा है तो संबंधित विभाग तुरंत कार्रवाई करते हुए हटाकर साइड में लगाए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ये रहे मौजूद : बैठक में एसडीएम योगेश सैनी, डीएसपी रमेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी, कार्यकारी अभियंता गुरुचरण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।