चरखी दादरी। लोहारू-मेरठ नेशनल हाईवे 334 बी पर गांव भैरवी के समीप सोमवार सुबह सवा 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सामने से आ रहे ट्रॉले ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रॉला चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
राहगीरों ने दोनों घायलों को दादरी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मेहड़ा निवासी अजीत (32) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सतीश निवासी बिलावल को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया जहां उपचार के दौरान शाम तक उसकी भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अजीत और सतीश सोमवार रात करीब सवा आठ बजे बाइक पर सवार होकर मेहड़ा से चरखी दादरी की ओर आ रहे थे। जब वे भैरवी के समीप पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रॉले ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से भाग गया।