बाढड़ा। बिजली निगम कार्यालय परिसर में प्रदेश सरकार की वादा खिलाफी और बिजली क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों के लिए कर्मचारियों ने दो घंटे का रोष प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन सुबह 10 से 12 बजे तक किया गया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन की अध्यक्षता एमएसईबी यूनियन के सब यूनिट प्रधान अरविंद छिल्लर, एएचपीसी वर्कर यूनियन के सब यूनिट प्रधान सुभाष द्वारका और एससीबीसी यूनियन के प्रधान विनोद जेवली ने की। एएचपीसी यूनियन के यूनिट कैशियर प्रविंद्र भांडवा और एचएसईबी यूनियन के सचिव रमेश गोपी ने बैठक को संबोधित किया।
एचएसईबी यूनियन के पूर्व राज्य वित्त सचिव राजकुमार सांगवान ने कहा कि 10 अगस्त को सरकार के साथ हुई बातचीत में आश्वासन दिया गया था कि 10 अक्तूबर तक सरकार बिजली क्षेत्र से जुड़े किसी भी फैसले को लागू नहीं करेगी। इसके बावजूद एचईआरसी की ओर से गुरुग्राम-द्वितीय को लाइसेंस देने की सिफारिश किए जाने से कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादे से पीछे हट रही है।
कर्मचारी नेता प्रविंद्र भांडवा ने एग्री डिस्कॉम कंपनी को रद्द करने, स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने की मांग की। रोष प्रदर्शन में सूरजभान, राजेश सांगवान, मंजिल, उमेश, जगत सिंह, संजय, हरीश, विजेंद्र, राजेश, विजय, सुनील, कृष्ण, गुलशन आदि कर्मचारी मौजूद रहे।