चरखी दादरी। स्पेशल स्टाफ टीम ने समसपुर चौक से स्विफ्ट सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर 350 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपियों की पहचान भिवानी के भानगढ़ निवासी मनीष उर्फ भोला और राजस्थान के आतेला भावरू निवासी दीपक उर्फ दीपू के रूप में हुई है। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
डीएसपी सुभाषचंद्र ने बताया कि 14 जनवरी की रात स्पेशल स्टाफ में तैनात एसआई महेंद्र सिंह अपराध की रोकथाम के लिए अपनी टीम समेत समसपुर चौक पर मौजूद थे। उसी दौरान सूचना मिली कि स्विफ्ट सवार दो युवक नशीला पदार्थ लिए हुए है। वे झज्जर से दादरी की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एसआई महेंद्र सिंह की टीम ने नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद झज्जर की तरफ से आ रही स्विफ्ट के चालक ने पुलिस नाका देखकर वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को आरोपी मनीष उर्फ भोला से 150 ग्राम और आरोपी दीपक उर्फ दीपू से 200 ग्राम अफीम बरामद हुई। बरामद अफीम की कीमत करीब 70 हजार रुपये है। पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि अफीम राजस्थान से खरीदकर लाए थे। शहर थाना में दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
विज्ञापन
फोटो 06
पुलिस गिरफ्त में अफीम के साथ पकड़े आरोपी मनीष उर्फ भोला और दीपक उर्फ दीपू। संवाद