नागरिक अस्पताल में फिजिशियन ओपीडी के बाहर खड़े मरीज ।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। मौसम में बदलाव के साथ नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग ने एक और फिजिशियन की नियुक्ति की है। उनकी नियुक्ति स्थायी तौर पर दो महीने के लिए की गई है। इससे सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उपचार मिलने में सहूलियत होगी। अब नागरिक अस्पताल में पहले से कार्यरत फिजिशियन के साथ एक अन्य चिकित्सक भी मरीजों की जांच और उपचार की जिम्मेदारी संभालेंगे।
स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय की ओर से पीजी की पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉ. अमित शर्मा को नागरिक अस्पताल में नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ चिकित्सकों के अनुसार उनकी नियुक्ति फिलहाल दो महीने के लिए की गई है। अस्पताल में दो फिजिशियन उपलब्ध होने से ओपीडी में मरीजों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। खासकर उन मरीजों को राहत मिलेगी जिन्हें सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए चिकित्सक से परामर्श लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
मौसम में लगातार बदलाव से इन दिनों सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट तथा दिन में मौसम में बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इसके चलते बच्चे, बुजुर्ग और पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में नागरिक अस्पताल की सामान्य ओपीडी में मरीजों की आवाजाही बढ़ जाती है।
मरीजों को मिलेगी समय पर चिकित्सकीय सुविधा
अस्पताल में फिजिशियन की संख्या बढ़ने से अब मरीजों की जांच और उपचार के लिए उपलब्ध चिकित्सकों के बीच कार्य विभाजन करना आसान होगा। इससे ओपीडी में लगने वाली कतारों और परामर्श के लिए होने वाले इंतजार को कम करने में मदद मिल सकती है। मरीजों को अपनी बीमारी के अनुसार चिकित्सकीय सलाह और उपचार मिल सकेगा।
वर्सन:
मुख्यलय की ओर से नागरिक अस्पताल में फिलहाल दो महीने के लिए फिजिशियन की नियुक्ति की गई है। बदलते मौसम में मरीजों की बढ़ती सख्यां के चलते पहले से नियुक्त चिकित्सक पर कार्य का अतिरिक्त भार कम होगा। -डॉ. बिजेंद्र सिंह लडवाल, प्रवक्ता नागरिक अस्पताल