बस स्टैंड चौकी में दोनों पक्षों से बात करते पुलिसकर्मी।
चरखी दादरी। दादरी के एक पार्षद व एक युवा ने दिल्ली से आए दो लोगों पर स्थानीय नागरिकों को बहला-फुसला कर धर्म परिवर्तन करवाने का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं। बाद में इन दोनों के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। इस आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस दौरान करीब तीन घंटे तक काफी गहमा-गहमी का माहौल बना रहा।
दादरी के वार्ड 8 के पार्षद नवीन प्रजापत व स्थानीय गांधीनगर कॉलोनी निवासी गौरव कौशिक रविवार सुबह दादरी के बस स्टैंड के समीप स्थित पारस वाली गली में एक मकान की पहली मंजिल पर बने हॉल में पहुंचे। यहां पर एक धर्म विशेष की प्रार्थना सभा चल रही थी। जिसमें दो व्यक्तियों की ओर से प्रार्थना कराई जा रही थी तथा काफी अन्य लोग भी मौजूद थे। जिसके बाद युवा वहां मौजूद दो लोगों को अपने साथ बस स्टैंड पुलिस चौकी ले आए। दोनों लोगों ने धर्म परिवर्तन करवाने की बात को नकार दिया। साथ ही सभा में मौजूद महिलाएं व पुरुष भी उनके समर्थन में आ गए और धर्म परिवर्तन कराने की बात को नकारा।
पार्षद नवीन प्रजापत व गौरव कौशिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि दादरी क्षेत्र में कुछ बाहरी लोग आकर स्थानीय नागरिकों का धर्म परिवर्तन करवाने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत में बताया कि जब वे व अन्य युवा मौके पर पहुंचे तो वहां दो व्यक्ति धर्म सभा के नाम पर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। उन्होंने सत्संग के नाम पर निजी व्यक्ति से कमरा किराये पर लेकर ऐसी गतिविधि की जा रही थी। जिसके बाद उन्होंने दोनों व्यक्तियों को पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही शिकायत देकर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने मौके से मिले धर्म विशेष का धार्मिक ग्रंथ, कैश वाउचर बुक, सभा में मौजूद लोगों से भरवाए गए फार्म व अन्य सामग्री भी पुलिस को सौंपी है। युवाओं की ओर से शिकायत देने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को वहां से भेज दिया।
दादरी सिटी थाना के कार्यवाहक एसएचओ भीम सिंह ने बताया कि हिंदू संगठन की ओर से दो लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस की ओर से मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अभी तक जबरदस्ती धर्म परिवर्तन से संबंधित तथ्य सामने नहीं आए हैं।