चरखी दादरी। जिले के गांव रानीला-बास रोड पर रविवार दोपहर हुआ एक दर्दनाक सड़क हादसा दो परिवारों की खुशियां छीन ले गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में हाल ही में 10वीं कक्षा में 75 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले 16 वर्षीय छात्र हिमांशु और परिवार का सहारा 24 वर्षीय शिवम की मौत हो गई जबकि हिमांशु का चचेरा भाई 14 वर्षीय देव गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गई। शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को करवाया जाएगा। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसा दोपहर करीब ढाई बजे गांव रानीला-बास रोड पर हुआ। गांव बास निवासी हिमांशु और उसका चचेरा भाई देव बाइक पर सवार होकर बास से रानीला किताबें लेने जा रहे थे। उसी दौरान गांव सांजरवास निवासी शिवम किसी कार्य के चलते बाइक पर सवार होकर गांव बास की तरफ जा रहा था।
दोनों बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद डायल 112 की टीम घायल शिवम को तुरंत बौंद कलां सीएचसी लेकर पहुंची लेकिन वहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी ओर राहगीरों ने हिमांशु और देव को दादरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां पर चिकित्सकों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल देव का उपचार जारी है।
तीन दिन पहले ही आया था हिमांशु का रिजल्ट
हादसे में जान गंवाने वाला हिमांशु गांव बास का रहने वाला था और हाल ही में उसने 10वीं कक्षा की परीक्षा 75 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी। 14 मई को ही उसका परीक्षा परिणाम आया था और परिवार उसकी सफलता से बेहद खुश था। किसी को अंदाजा नहीं था कि महज तीन दिन बाद ही यह खुशी मातम में बदल जाएगी। परिवार में हिमांशु व उसकी एक छोटी बहन है, जो छठी कक्षा में पढ़ती है। वहीं घायल देव नौवीं कक्षा का छात्र है। दोनों चचेरे भाई निजी स्कूल में पढ़ाई करते थे। किताबें लेने निकले दोनों भाई कुछ ही मिनटों बाद हादसे का शिकार हो गए।
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था शिवम
वहीं दूसरी बाइक पर सवार मृतक शिवम गांव सांजरवास का निवासी था। 24 वर्षीय शिवम मजदूरी कर अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसके पिता सज्जन पाल का तीन वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका है। परिवार में वह सबसे बड़ा था। उसके बाद एक छोटा भाई है, जबकि दोनों बहनों की शादी हो चुकी है।
हादसे में घायल देव के बयान के आधार पर दूसरी बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है।
- पीएसआई हरेंद्र, प्रभारी, अचीना पुलिस चौकी।
मृतक शिवम की फाइल फोटो।