चरखी दादरी। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की भिवानी इकाई ने कार्रवाई करते हुए 5.72 ग्राम हेरोइन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने नशीला पदार्थ लाने में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आकाश निवासी गांव बास खुडाना, थाना सदर महेंद्रगढ़ और अमित निवासी गांव स्याणा, थाना कनीना, जिला महेंद्रगढ़ के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की भिवानी इकाई की टीम दादरी-झज्जर रोड पर 152-डी राष्ट्रीय राजमार्ग पुल के नीचे गश्त और अपराधों की रोकथाम के लिए मौजूद थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि आकाश और अमित सफेद रंग की ऑल्टो कार में नशीला पदार्थ लेकर रोहतक की ओर से चरखी दादरी आएंगे।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत दादरी-झज्जर रोड पर रामबाग के सामने नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद सूचना के अनुसार सफेद रंग की ऑल्टो कार वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रुकवाकर चालक और उसके साथ बैठे युवक को काबू कर लिया।
चालक ने अपना नाम आकाश तथा दूसरे युवक ने अपना नाम अमित बताया। राजपत्रित अधिकारी एवं तहसीलदार दादरी सन्नी दलाल की मौजूदगी में दोनों आरोपियों और कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आकाश की जेब से एक पॉलिथीन बरामद हुई, जिसमें 5.72 ग्राम हेरोइन मिली।
पुलिस ने बरामद हेरोइन और तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ सदर थाना दादरी में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच के दौरान उपनिरीक्षक अमनदीप ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए दोनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।