चरखी दादरी। पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को देसी पिस्तौल और एक कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी को अपराध शाखा की टीम ने गश्त के दौरान घसौला नहर पुलिया के पास से काबू किया। गिरफ्तार आरोपी करण सिंह उर्फ चौटाला ढाणी फोगाट का रहना वाला है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को अपराध शाखा दादरी की टीम में शामिल हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सहायक हेड कांस्टेबल संदीप और सिपाही मंजीत गश्त, पड़ताल और अपराधों की रोकथाम के लिए महेंद्रगढ़ चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि करण सिंह अपने पास अवैध हथियार लेकर दादरी-महेंद्रगढ़ रोड पर घसौला जाने वाले रास्ते में नहर पुलिया के पास खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नहर पुलिया के पास पहुंचकर युवक को काबू कर लिया। पुलिस को देखकर युवक वहां से जाने लगा था लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान करण सिंह उर्फ चौटाला निवासी ढाणी फोगाट के रूप में कराई।
पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ सदर थाना चरखी दादरी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।