चरखी दादरी/बौंदकलां। गांव सौंप-कासनी निवासी व्यक्ति से आर्मी भर्ती का झांसा देकर 24 लाख रुपये की ठगी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान भिवानी के मधुमाधवी निवासी धर्मपाल और सुरेश के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2021 में पीड़ित रणबीर सिंह ने बौंदकलां पुलिस थाने में ठगी का केस दर्ज कराया था। शिकायत में बताया था कि वह धर्मपाल के संपर्क में था और उसने कहा कि उसका पोता अमित और धर्मेंद्र रुपये लेकर टेरिटोरियल आर्मी में भर्ती करवाते हैं। इसके बाद रणवीर सिंह ने बेटे हरकेश और रिश्तेदार मान सिंह व सतपाल के लिए टीए में नौकरी लगवाने के लिए अमित व धर्मेंद्र उर्फ परतु को तीनों के लिए 8-8 लाख यानी 24 लाख रुपये दिए थे।
इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर फर्जी वेरिफिकेशन का पत्र और नियुक्ति पत्र भेजा। उन्होंने कहा कि 6 माह में सभी की नियुक्ति हो जाएगी। बाद में उन्होंने नियुक्ति पत्र की जांच की तो सभी फर्जी पाए गए।
बाद में वे आरोपी के घर गये तो रोहित उर्फ कलवा व धर्मेंद्र की पुत्रवधू ने दोबारा घर पर गलत व झूठा मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी। साथ ही सुरेश ने गोली खाकर मरने और सुसाइड नोट में उनका नाम लिखवाने की धमकी दी।
इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर पता किया आरोपियों के अन्य व्यक्तियों से भी रुपये ठगने की बात सामने आई। अब बौंदकलां थाना एएसआई अवनीत की टीम ने दोनों आरोपियों धर्मपाल व सुरेश को दबोचने में सफलता हासिल की है।