बाढड़ा/ झोझूकलां। जिला प्रशासन ने चुनाव के मद्देनजर शराब बिक्री बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। इस आदेश की अवहेलना कर लोग चोरी-छिपे शराब की अवैध बिक्री कर रहे हैं। वीरवार शाम इसकी बानगी देखने को मिली और जिला पुलिस ने दो जगहों से दो आरोपियों को देसी शराब की अवैध बिक्री करते काबू किया। उनसे शराब की 94 बोतलें बरामद हुईं। एक आरोपी के खिलाफ बाढड़ा थाने में तो दूसरे के खिलाफ झोझूकलां थाने में धारा 188 और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
केस-1: खेत में कर रहा था शराब की अवैध बिक्री, पुलिस ने पकड़ा
एक आरोपी को बाढड़ा थाना पुलिस ने गांव गोपालवास में नावा रोड स्थित खेत में बने एक मकान में शराब की अवैध बिक्री करते हुए पकड़ा है। आरोपी की पहचान गोपालवास निवासी रणबीर के रूप में हुई है। मकान के अंदर पुलिस को देसी शराब की बोतलों व पव्वों की तीन पेटियां मिलीं। दो पेटियों में देसी शराब की 24 बोतलें और एक में 30 पव्वे मिले। पुलिस ने शराब को जब्त करने के साथ आरोपी को काबू कर लिया और बाढड़ा थाने ले आई।
केस-2: ठेका के पास झाड़ियों में छिपा बैठा था आरोपी
दूसरे आरोपी को चिड़िया चौकी पुलिस ने गांव रामनगर स्थित शराब ठेका के पीछे झाड़ियों में शराब की अवैध बिक्री करते हुए दबोचा है। उसकी पहचान हिसार के ढंढेरी निवासी राजकुमार के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी से देसी शराब की 46 बोतलें बरामद की। उसे काबू कर पुलिस टीम चिड़िया पुलिस चौकी ले गई और वहां उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपी राजकुमार की गिरफ्तारी पुलिस टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हुई।