चरखी दादरी। दादरी जिला पुलिस की टीम ने गांव खेड़ी बूरा निवासी लेक्चरर से फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म पर निवेश करवाकर एक करोड़ 82 लाख रुपये की ठगी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव खेड़ी बूरा निवासी विरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लोहारू राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सीनियर लेक्चरर के पद पर कार्यरत हैं। गत सितंबर माह में उनके पास एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आए, जिसमें उसे ऑनलाइन बिजनेस करने के बारे में बताया। उसी नंबर से व्हाट्सएप पर एक लिंक भी आया।
व्हाट्सएप नंबर धारक से बात करने पर उसने बताया कि यह एक ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म है, जिसका उपयोग ऑनलाइन खरीद-बिक्री के लिए किया जाता है और वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन के बाद व्यक्ति इस प्लेटफार्म पर अपनी खुद की दुकान का मालिक बन सकता है तथा अपने स्टोर से प्रोडक्ट बेचकर मुनाफा कमा सकता है।
शिकायतकर्ता के अनुसार बातों में आकर उसके कहे अनुसार अपना अकाउंट प्लेटफार्म पर पंजीकृत करवा लिया। उसके बाद वह ऑर्डर की ऑनलाइन खरीद व बिक्री करने लगा। बाद में आर्डर्स की संख्या बढ़ती गई और बड़े-बड़े आर्डर आने लगे। बिक्री के बाद उस पर दिखाया गया मुनाफा उसके स्टोर अकाउंट में जमा होने लगा।
एक अक्तूबर को यूपीआई के माध्यम से उसने 8626 रुपये भेजे। उसके बाद उसने 21,62,291 रुपये अलग-अलग खातों से भेज दिए। अक्तूबर माह में उसके स्टोर अकाउंट में करीब 12 हजार से 13 हजार डाॅलर का मुनाफा दिखने लगा। जब उसने नवंबर माह में रुपये निकालने की कोशिश की तो उन्होंने खाता फ्रिज होने व रुपये डूबने का डर दिखाकर और रुपये ट्रांसफर करने को कहा। जिस पर उसने 1 करोड़ 59 लाख 83 हजार 268 रुपये और ट्रांसफर कर दिए।
उसने शिकायत में बताया कि उक्त लोगों ने निवेश करवाकर ज्यादा लाभ कमाने का झांसा देकर उसके साथ कुल एक करोड़ 82 लाख 45 हजार 559 रुपये की ठगी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि पीड़ित द्वारा ट्रांसफर किए गए रुपये कई बैंक खातों में ट्रांसफर पाए गए। दादरी साइबर क्राइम थाने में तैनात पीएसआई अंकित ने शुक्रवार को मोगा के बाबा नंद सिंह नगर निवासी अजीत तथा मूलरूप से मोगा के भीमनगर कैंप और वर्तमान में हेल्थ क्लब वाली गली निवासी बलदेवराज उर्फ देवदास को गिरफ्तार किया। शनिवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।