पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी।
- फोटो : 1
बौंद कलां। बौंद कलां थाना पुलिस टीम ने गांव मालकोष निवासी व्यक्ति पर हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गत 27 अप्रैल को बौंद कलां थाने में सीएचसी से मालकोष निवासी सूबे सिंह के लड़ाई-झगड़े में घायल होकर रोहतक पीजीआई रेफर होने की सूचना मिली। जिस पर एएसआई ओमबीर घायल के बयान लेने रोहतक पहुंचा लेकिन वह बयान देने की अवस्था में नहीं था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सूबे सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि 27 अप्रैल को सुबह करीब पौने सात बजे वह बाइक पर पानी लेकर खेत से घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में दो लोगों ने उसका रास्ता रोका और किसी बात को लेकर बहस हो गई। थोड़ी देर बाद वह अपने घर की तरफ चलने लगा तो रास्ते में तीन लोगों ने उसको रोक कर डंडों व कस्सी से हमला किया। जिससे वह घायल होकर गिर गया। गिरने के बाद भी वे लोग उसे मारते रहे। बाद में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
एएसआई ओमबीर ने बुधवार को गांव मालकोष निवासी आरोपी विवेश उर्फ काला व मदन लाल को गिरफ्तार किया। आरोपी विवेश से झगड़े में प्रयोग की गई बाइक व डंडा बरामद किया गया। आरोपी मदन लाल से कस्सी बरामद की गई। पूछताछ के बाद दोनों को वीरवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।