चरखी दादरी। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की भिवानी यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। ब्यूरो ने दो युवकों को 396 ग्राम चरस और 9.98 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि बुधवार को उप निरीक्षक सुरेंद्र के नेतृत्व में एक टीम गश्त कर रही थी। यह टीम जीतपुरा बस अड्डे पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि बागनवाला निवासी खेतु और मुरादपुर टेकना निवासी प्रिंस नशीला पदार्थ लेकर जा रहे हैं। वे मोटरसाइकिल पर जुई-बाढड़ा रोड की ओर बढ़ रहे थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मिलन धर्मकांटा के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों को पुलिस ने रोक लिया। चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन टीम ने दोनों को काबू कर लिया। नायब तहसीलदार साहिल दलाल की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्रिंस से 396 ग्राम चरस बरामद हुई। वहीं खेतु से 9.98 ग्राम हेरोइन मिली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बाढ़ड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उप निरीक्षक सोमबीर ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्हें अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।