फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: भीषण गर्मी में बिजली संकट से परेशान चार गांवों के ग्रामीण पहुंचे आदमपुर पावर हाउस, जताया रोष

Thu, 28 May 2026 11:44 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
आदमपुर पावर हाउस पर रोष जताने के लिए पहुंचे ग्रामीण।  - फोटो : 1
विज्ञापन
झोझू कलां। भीषण गर्मी के बीच बिजली किल्लत का सामना कर रहे चार गांवों के ग्रामीणों का धैर्य वीरवार को जवाब दे गया। गांव आदमपुर, डाढ़ी बाना, कलाली और बलाली गांव के काफी संख्या में क्षुब्ध ग्रामीण गांव आदमपुर स्थित पावर हाउस में पहुंचे और रोष जताया।
विज्ञापन


गांव डाढ़ी बाना सरपंच प्रतिनिधि प्रवीण, गांव बलाली सरपंच प्रतिनिधि बिंद्राज, आदमपुर सरपंच विनोद, कलाली सरपंच रामबीर के नेतृत्व में काफी संख्या में ग्रामीण वीरवार को पावर हाउस पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि पिछले 10 दिनों से उनके गांवों में रात के समय लगातार बिजली के कट लगाए जा रहे हैं। इससे भीषण गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। रातभर बिजली गुल रहने से बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत दी गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले आदमपुर पावर हाउस में लगा वेक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) जल गया था। इसके बाद चारों गांवों की बिजली आपूर्ति को अस्थायी तौर पर मंदौला पावर हाउस से जोड़ दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार मंदौला पावर हाउस से पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है जिसके चलते बार-बार बिजली कटौती हो रही है। स्थिति यह है कि रात के समय घंटों तक बिजली गायब रहती है और लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही।
विज्ञापन


पावर हाउस में ग्रामीणों के पहुंचने की सूचना पाकर झोझू कलां थाना प्रभारी दिलबाग सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। इसके साथ ही बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता अविनाश यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जले हुए वीसीबी को बदलने और बिजली व्यवस्था को सुचारु करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों ने दावा किया कि दो दिनों के भीतर समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और वापस चले गए। इस दौरान एसडीओ प्रवीण, एसडीओ गौरव, जेई प्रदीप, जेई बालकृष्ण, ग्रामीण सुरेश, दिलबाग, मांगेराम, महेंद्र आदि भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें