विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के मौके पर जिले के गांव चंदेनी में ड्रिप सिस्टम पर आधारित छह एकड़ जमीन में ऑक्सीजन बाग लगाया गया। इस दौरान 1600 पौधे लगाए गए। ग्रामीण युवाओं ने पौधों की सुरक्षा के लिए तारबंदी कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प किया है। इस दौरान ट्रीमेन देवेंद्र सूरा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्यातिथि हिसार के मुख्य वनाधिकारी घनश्याम शुक्ला रहे।
घनश्याम शुक्ला ने इस ऑक्सीजन बाग लगाने की अनूठी पहल की सराहना कर इसे आज की बेहद जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि देश को हरा-भरा करने में युवाओं द्वारा चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान से पर्यावरण संतुलित बना रहेगा। सरकार के साथ-साथ युवाओं की भागीदारी से ही ग्रीन भारत का सपना पूरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि गांव चंदेनी में हरियाणा का यह छठा ऑक्सीजन बाग लगाया गया है ताकि लोगों को शुद्ध ऑक्सीजन मिल सके। इस दौरान गांव में 1600 नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाए गए। पौधों की सुरक्षा के लिए तारबंदी भी की गई है।
घनश्याम शुक्ला ने इस अनूठे अभियान की सराहना कर ऐसे प्रकृति को बचाने में बेहद कारगर बताया। घनश्याम शुक्ला खुद पर्यावरण प्रेमी है। उनकी गिनती देश के चुनिंदा अधिकारियों में होती है जो पर्यावरण संतुलन को बनाने में लगे रहते है।
देवेंद्र सूरा सात साल से मुहिम में जुटे
कार्यक्रम में पहुंचे सोनीपत के रहने वाले देवेंद्र सूरा पिछले सात सालों से पर्यावरण को बचाने को बीड़ा उठाएं हुए हैं। अब तक तीन लाख से अधिक पौधे सोनीपत सहित अनेक गांवों और शहरों में लगाए जा चुके हैं। इंग्लैंड, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड में रहने वाले भारतीय मूल के लोग भी देवेंद्र सूरा के इस पौधरोपण अभियान में शिरकत कर चुके है। देवेंद्र सूरा ने हरियाणा को हरा-भरा करने के लिए पहली जनता नर्सरी सोनीपत में दो एकड़ जमीन में लगाई जिसमें हर साल 50 हजार पौधे तैयार किए जाते है। इन तैयार पौधों को फ्री वितरित करने के लिए लगाया जाता है। अब तक करीब 200 से अधिक गांव और शहरों से 12 हजार पर्यावरण मित्र देवेंद्र सूरा के अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में जुटे हुए है।
इस अवसर पर चंदेनी के सक्रिय पर्यावरण मित्र अजेश, सरपंच प्रतिनिधि राजबीर सिंह, पूर्व सरपंच राज सिंह, सूबेदार मेजर धर्मचंद, सतपाल सिंह, डॉ. धर्मजीत, मास्टर पवन, रामेश्वर, हरवीर, राजेश पंच, जय सिंह, रतन सोनी, विकास, नवनीत, निशांत, संदीप, सुनील, जितेंद्र, जगबीर, पवन ओहल्याण, अमित, धीरज, राजकुमार, डीएफओ दादरी भूपेंद्र राघव आदि मौजूद रहे।
फोटो-30
गांव चंदेनी में पौधरोपण करते अधिकारी व पर्यावरण मित्र
फोटो-31
मुख्य अतिथि को सम्मानित करते हुए