चरखी दादरी। अग्रसेन धर्मशाला में कोर कमेटी व्यापार मंडल के तत्वावधान में शुक्रवार देर शाम व्यापारियों और दुकानदारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने सर्वसम्मति से शहर को सुंदर बनाने के लिए प्रशासन का सहयोग करने का निर्णय लिया। साथ ही प्रशासन से भी व्यापारियों व दुकानदारों की कुछ मांगें पूरी कराने की मांग की गई।
बैठक की अध्यक्षता दादरी नगर व्यापार मंडल के संरक्षक रविंद्र सिंह गुप्ता ने की। बैठक में प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर कोर कमेटी व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने मंथन किया। रविंद्र गुप्ता ने बताया कि व्यापार मंडल प्रतिनिधिमंडल की कुछ दिन पहले ही उपायुक्त मनदीप कौर व नगर परिषद अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। उस बैठक में बनी सहमति से सभी व्यापारियों को अवगत कराया।
बैठक में काठमंडी के व्यापारियों ने बताया कि उनके पास स्थानीय प्रशासन का नोटिस आया है। रविंद्र सिंह गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासन से हुई बातचीत में कोर कमेटी व्यापार मंडल ने दुकानों के आगे तीन फुट जगह पैड़ी के लिए मांग की है ताकि दुकानदार आवश्यक कार्य के लिए उपयोग कर सकें। दुकानों के बाहर ऊपर साइन बोर्ड के लिए भी जगह दी जाए।
शहर को सुंदर बनाने में दुकानदार (व्यापारी) को भी प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। काठमंडी व्यापारियों के लिए एक पांच सदस्यीय टीम बनाकर प्रशासन से बातचीत कर हल निकालने का प्रयास किया जाएगा। नगर के मध्य पार्किंग स्थल के लिए भी जगह पुराना ओबीसी व पीएनबी बैंकों के सामने बेकार पड़ी जगह सुनिश्चित करने की चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से रेहड़ियों के लिए निर्धारित स्थान शहर के नजदीक होना चाहिए। बैठक में सभी दुकानदारों को सलाह दी गई की सभी दुकानदार अपनी अपनी दुकान पर डस्टबिन रखें तथा दिनभर का कूड़ा-कचरा डस्टबिन में डालें तथा नगर परिषद की गाड़ी में ही डालें।
- बैठक में यह रहे उपस्थित
बैठक में नितिन जांघू, मनफूल शर्मा, डाॅ. बीएन वर्मा, जयभगवान मस्ताना, महेश गुप्ता, प्रदीप कुमार व सतबीर गौड़ ने भी अपने विचार रखे। बैठक में डाॅ. ब्रह्मानंद वर्मा, विनोद गर्ग, राव जयसिंह यादव, संदीप फौगाट, रामदयाल पाहवा, वासुदेव आनंद, दिनेश यादव आदि उपस्थित रहे।