चरखी दादरी। जिले के सरकारी और एडिड कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पंजीकरण का आज अंतिम दिन है। जिले के विभिन्न कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 4102 सीटों पर दाखिले होने हैं लेकिन अंतिम तिथि नजदीक आने के बावजूद पंजीकरण की रफ्तार उम्मीद के अनुरूप नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन अंतिम दिन अधिक से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन आने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
जिले में उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को पर्याप्त विकल्प उपलब्ध हैं। यहां पांच सरकारी और तीन एडिड कॉलेज संचालित हैं जहां बीए, बीकॉम, बीएससी समेत विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले दिए जाते हैं।
कॉलेजों की संख्या अधिक होने के कारण सीटों के मुकाबले आवेदन अपेक्षाकृत कम रहते हैं। इसके अलावा कई विद्यार्थी आसपास के बड़े शहरों के कॉलेजों में भी प्रवेश लेने का प्रयास करते हैं जिससे स्थानीय कॉलेजों में दाखिलों की संख्या प्रभावित होती है।
कॉलेजों में लगाए हेल्प डेस्क
कॉलेज प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को समय पर पंजीकरण कराने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। कॉलेजों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं ताकि आवेदन प्रक्रिया में आने वाली तकनीकी या अन्य समस्याओं का समाधान किया जा सके। इन हेल्प डेस्क पर निशुल्क आवेदन किया जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि अंतिम दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी आवेदन करते हैं इसलिए पंजीकरण संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
एक माह में शिफ्ट हो राजकीय महाविद्यालय :
जिले के विद्यार्थियों के लिए एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। गांव भैरवी में संचालित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को आगामी एक माह के भीतर पुराने लघु सचिवालय भवन में स्थानांतरित किए जाने की तैयारी चल रही है। कॉलेज के शहर में शिफ्ट होने से विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में विद्यार्थियों को कॉलेज पहुंचने के लिए शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर भैरवी जाना पड़ता है जिससे समय और परिवहन दोनों की परेशानी का सामना करना पड़ता है।
::::::::::::::::::
विद्यार्थियों से अपील है कि जो अभ्यर्थी अभी तक स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना तुरंत पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें ताकि दाखिले के अवसर से वंचित न रह जाएं। जिले के सभी कॉलेज अब अंतिम दिन अधिक से अधिक आवेदन मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
- डॉ. जेएस मोर, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी, दादरी।