चरखी दादरी। नगर परिषद की ओर से शहर के एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर परिसर में आरआरआर (रिड्यूस, रियूज व रीसायकल) सेंटर बनाया गया है। इसमें कचरा निस्तारण के लिए पुनर्चक्रण की तीनों विधियां अपनाई जाएंगी और कचरे को कम करने व उपयोगी बनाने का कार्य किया जाएगा। खास बात यह है कि नागरिक अपने घर में रखी विभिन्न प्रकार की चीजों को यहां पर दे सकते हैं।
गौरतलब है कि स्वच्छ भारत मिशन की ओर से कचरा पुनर्चक्रण की तीन प्रक्रिया अपनाई जा रही हैं। इसमें रिड्यूस (घटाना), रियूज (दोबारा प्रयोग लायक बनाना) और रीसायकल शामिल हैं। परिषद की ओर से एसबीएम प्रभारी ज्योति शर्मा, सीएसआई राजेश कुमार व बीआई प्रवीण कुमार ने सेंटर में जाकर कर्मचारियों के साथ बैठक की और उन्हें कचरा निस्तारण संबंधी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही उन्हें कचरे को विभिन्न प्रकार से अलग करने और शहर में कहीं पर भी कचरा न पड़ा रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, ट्रिपल आर सेंटर पर तैनात कर्मचारी कचरे से कांच, प्लास्टिक, कपड़े, लोहा, लकड़ी, कागज आदि अलग-अलग करेंगे। बाद में इस कचरे को दोबारा प्रयोग लायक बनाने के लिए बेचा जाएगा। शहरवासी भी इस कचरे को अलग रख सकते हैं और घर में पड़े विभिन्न प्रकार के कचरे को सेंटर पर जाकर रख सकते हैं।
तालाब या गली में कचरा फेंकने पर लगेगा जुर्माना
नगर परिषद की ओर से सफाई कर्मचारियों को कचरा फेंकने वाले लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। अब तालाब, गली, सड़क, खाली प्लॉट में कचरा फेंकने पर नगर परिषद टीम फोटो करेगी और नियमानुसार जुर्माना वसूल करेगी। जुर्माना लगाने की कार्रवाई में हो रही ढील के चलते शहर में गंदगी अधिक फैल रही है।
एमआरएफ सेंटर पर जाकर कर्मचारियों को शहर के सभी स्थानों से संग्रहण करने और सेंटर में उन्हें विभिन्न भागों के निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एक आरआरआर सेंटर बनाया गया है। इसमें उपयोगी कचरे को अलग किया जाएगा और कचरा उत्पादन कम किया जाएगा।
- ज्योति शर्मा, जिला प्रभारी, स्वच्छ भारत मिशन