चरखी दादरी। समाधान शिविरों में आई शिकायतों का समाधान कर एटीआर स्पष्ट एवं पूर्ण रूप से अपडेट करें ताकि मुख्यालय स्तर की समीक्षा में समस्या री-ओपन न हो। अधिकारी समाधान के नाम पर खानापूर्ति न करें बल्कि समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका त्वरित समाधान करें।
उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने समाधान शिविर समीक्षा बैठक के दौरान ये निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को समाधान शिविर की समीक्षा बैठक में स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए और कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान सहित पूर्ण रिपोर्ट साथ लेकर आएं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं चंडीगढ़ से समाधान शिविरों की समीक्षा करते हैं, ऐसे में समाधान शिविरों में आने वाली समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान करें। उन्होंने कहा कि समस्या री-ओपन होती है तो उसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अतिरिक्त मुख्य सचिव ने निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लें और समय पर समाधान करके स्पष्ट रूप से एटीआर पर अपडेट करें। इस दौरान एसडीएम योगेश सैनी, सीटीएम प्रीति रावत सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।