बाढड़ा के सतनाली रोड पर गड्ढे में फंसी रोडवेज बस। संवाद
जेसीबी की मदद से बाहर निकाली गई बस, विकल्प के तौर पर मिट्टी डालकर बनाया गया है अस्थायी पुल
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। सतनाली रोड पर निर्माणाधीन पुल से गुजरते समय हरियाणा रोडवेज की बस गड्ढे में पलटने से बच गई। हालांकि बस का टायर किनारे की मिट्टी खिसकने के कारण धंस गया। सवारियों से भरी फंसी बस को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि बस को चालक ने समय पर रोक लिया और कोई चोटिल नहीं हुआ।
बता दें कि कस्बे के सतनाली रोड पर नहर के पुराने पुल को तोड़ कर नया पुल बनाया जा रहा है। यहां विकल्प के तौर पर मिट्टी डालकर अस्थायी पुल बना रखा है ताकि वाहनों का आवागमन बना रहे। रविवार दोपहर हरियाणा रोडवेज की बस सतनाली जा रही थी। इसी दौरान बस अस्थायी पुल से गुजरने लगी तो मिट्टी खिसक गई, जिससे बस का टायर फंस गया। गनीमत रही कि बस वहीं रुक गई नहीं तो गड्ढे में पलटने से बड़ा हादसा हो सकता था। इस दौरान सवारियों में अफरा-तफरा मच गई। सभी सवारियों को सकुशल नीचे उतारा गया और बस को बाद में जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला गया।