चरखी दादरी। रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर पिछले तीन वर्षों से पसरा अंधेरा जल्द ही रोशनी में बदल जाएगा। लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को फिर से रोशन करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने ठोस कदम उठा लिए हैं। विभाग ने न केवल 300 किलोवाट का नया बिजली मीटर कनेक्शन लगवाया है बल्कि अब पुरानी और खराब हो चुकी सोडियम लाइटों को हटाकर वहां ऊर्जा कुशल एलईडी लाइटें लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शहर के रावलधी-भिवानी मुख्य मार्ग बने आरओबी पर पिछले तीन वर्षों से स्ट्रीट लाइटें पूरी तरह बंद पड़ी थीं। रात के समय आरओबी पर घने अंधेरे के कारण आए दिन हादसे होने का डर बना रहता था। भारी वाहनों की आवाजाही और पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए यह मार्ग किसी चुनौती से कम नहीं था। स्थानीय लोग और सामाजिक संस्थाएं लंबे समय से इन लाइटों को चालू करवाने की मांग कर रहे थे लेकिन तकनीकी खामियों और बिजली कनेक्शन के अभाव में यह काम अधर में लटका हुआ था। इस जनसमस्या को संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से अमर उजाला समाचार पत्र ने बेहद प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद जिला उपायुक्त मनदीप कौर के संज्ञान में मामला आने के बाद तुरंत संबंधित विभागों को नोटिस जारी कर 48 घंटों में लाइटे चालू करवाने के आदेश जारी किए गए थे। इसके बाद पीडब्ल्यूडी की इलेक्ट्रिकल शाखा हरकत में आई और नगर परिषद के साथ तालमेल कर फिलहाल 300 किलोवॉट का बिजली मीटर लगवा कनेक्शन करवा दिया गया है।
पुरानी लाइटों की जांच
बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद विभाग ने सबसे पहले आरओबी पर लगी पुरानी लाइटों की जांच की। जांच में पाया गया कि सभी सोडियम लाइटें खराब हो चुकी हैं और उनकी मरम्मत करना भी संभव नहीं है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार पहले आरओबी पर सोडियम लाइटें लगी थीं। ये लाइटें न केवल पुरानी तकनीक की थीं बल्कि इनसे बिजली की खपत भी बहुत अधिक होती थी। अब विभाग ने आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए 90 वाट की हाई-इंटेंसिटी एलईडी लाइटें लगाने का निर्णय लिया है।
10 दिन में रोशन होगा आरओबी
विभाग की ओर से 300 किलोवाट का नया बिजली कनेक्शन लगवाने के साथ ही तकनीकी बाधाएं दूर हो गई हैं। वर्तमान में बिजली विभाग और पीडब्ल्यूडी की टीमें मिलकर काम कर रही हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि अगले 10 दिनों के भीतर आरओबी की सभी लाइटें चालू कर दी जाएंगी। कार्य की प्रगति पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं नजर बनाए हुए हैं।
सुरक्षा और सुविधा में होगा इजाफा
रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग स्थित आरओबी शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां से प्रतिदिन हजारों भारी व छोटे वाहनों का आवागमन होता है। लाइटें चालू होने से रात के समय यात्रा करने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से बरसात और धुंध के दिनों में लाइटें न होने के कारण जो अनहोनी की आशंका बनी रहती थी उससे निजात मिलेगी।
वर्सन
हमने बंद पड़ी लाइटों को चालू करवाने के लिए नियमानुसार नगर निगम के नाम बिजली मीटर लगवा कनेक्शन को चालू करवा दिया है। लेकिन लगाए गए मीटर का लोड लाइटें जलाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं, इसके लिए हमने अब आठ किलोवॉट लोड की क्षमता वाली मीटर लगवाने का आवेदन किया है, अगले 10 दिनों में सभी पुरानी लाइटों को बदल नई एलईडी लाइटें लगवा चालू करवा दी जाएंगी। -अनूपसिंह, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग इलेक्ट्रिकल शाखा।