जिले में शुक्रवार को तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। दो संक्रमित बाढड़ा क्षेत्र के रहने वाले हैं जबकि तीसरा संतोखपुरा गांव का है। तीनों संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर आइसोलेट कर दिया है। डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने बताया कि तीन केस मिलने के बाद अब जिले में संक्रमितों की संख्या 238 हो गई है। इनमें से एक की मौत हो चुकी है जबकि 161 संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। जिले में अब 76 एक्टिव केस हैं। चंचल तोमर ने बताया कि संतोखपुरा निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, बाढड़ा क्षेत्र में भी दो लोग संक्रमित मिले हैं जिनमें एक महिला भी शामिल है। संक्रमित महिला की उम्र 23 साल है जबकि बाढड़ा क्षेत्र निवासी दूसरा संक्रमित 73 साल का है।
उन्होंने बताया कि जिले में 1605 लोग सर्विलांस का समय पूरा कर चुके हैं जबकि 1940 लोग होम क्वारंटीन हैं। 21 लोग कोविड अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं जबकि छह लोगों को क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया है। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि शुक्रवार शाम तक जिले से कोरोना टेस्ट के लिए 10374 लोगों के सैंपल लिए गए हैं जिनमें से 10013 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 123 सैंपलों की रिपोर्ट अभी लंबित है।