सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, ममेरा भाई रेफर
एनएच-148बी पर शुक्रवार सुबह एससीआर स्कूल के सामने हुआ हादसा, हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर हुआ फरार
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। एनएच 148बी पर शुक्रवार सुबह एससीआर स्कूल के सामने एक तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। सदर थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार रावलधी निवासी विक्रम (21) अपने ममेरे भाई रवि (15) के साथ बाइक पर सवार होकर शुक्रवार सुबह सेरला अपने मामा के पास जाने के लिए घर से निकला था। रावलधी भिवानी लिंकमार्ग से होकर जब वे एनएच 148 बी पर एससीआर स्कूल के सामने पहुंचे तो उनकी बाइक को पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्राले ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार विक्रम और रवि सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को संभाला और मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया जबकि रवि को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। सदर थाना पुलिस ने मतृक का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सदर थाना प्रभारी नरेंद्र दहिया ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
----------------
जाली बनाने का काम करता था मृतक
सिविल अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि विक्रम दो भाइयों में छोटा था। वह अविवाहित था। वह रावलधी गांव स्थित लोहे की जाली बनाने की दुकान पर काम करता था। शुक्रवार को वह ममेरे भाई के साथ अपने मामा के गांव सेरला जा रहा था।
--------------------------------------
फोटो 18
मृतक विक्रम।
फोटो 19
घटनास्थल पर पड़ी बाइक और खड़ा ट्रॉला।