चरखी दादरी। रोहतक रोड पर लंबे समय से पेयजल लाइन में हो रही लीकेज के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा था। सड़क पर लगातार पानी जमा होने के कारण आसपास के दुकानदारों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दुकानों के सामने जलभराव रहने से दुकानदारों की दुकानदारी प्रभावित हो रही थी। वहीं सड़क से गुजरने वाले लोगों को भी जमा पानी से होकर निकलना पड़ता था। शिकायतों के बाद जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए मुख्य पेयजल लाइन में लगे दो अवैध पानी कनेक्शनों को उखाड़ दिया गया।
परशुराम चौक के समीप मुख्य पेयजल लाइन में लंबे समय से पानी का रिसाव हो रहा था। लाइन से निकलने वाला पानी सड़क पर फैल जाता था। गर्मी और उमस के बीच जहां एक ओर लोगों को पेयजल की आवश्यकता रहती है वहीं दूसरी ओर हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा था। लगातार पानी जमा रहने से सड़क के किनारे कीचड़ जैसी स्थिति बन जाती थी।
दो घंटे की मशक्कत के बाद काटे कनेक्शन
जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता विवेक अहलावत ने बताया कि पेयजल लाइन में लीकेज की समस्या को लेकर कई बार शिकायतें प्राप्त हो चुकी थीं। शिकायतों के आधार पर टीम को मौके पर जेसीबी भेजकर सड़क को तोड़कर जांच करवाई गई है। जांच के दौरान मुख्य लाइन में लगे दो अवैध कनेक्शनों का पता चला जिनके कारण लाइन से पानी का रिसाव हो रहा था।
उन्होंने बताया कि फिटर सीताराम और टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों अवैध कनेक्शनों को काटने और उखाड़ने की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद लीकेज को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।