चरखी दादरी। एमसी कॉलोनी में चोरों ने पांच किरायेदारों के कमरों को निशाना बनाया। चोर चार किरायेदारों के फोन चोरी कर ले गए जबकि चौथी महिला किरायेदार की नकदी और गहनों समेत दो महंगी घड़ियां चोरी हुईं। शहर थाना पुलिस ने महिला किरायेदार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता नीरू शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह रेवाड़ी जिले की मूलवासी हैं। फिलहाल वह दादरी की एमसी कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहीं है। उनकी मां भी यहीं रहतीं हैं। सोमवार रात वह अपनी मां के घर गईं और रात को वहीं सो गईं। सुबह जब वह अपने किराये के कमरे आईं तो ताला टूटा मिला।
नीरू ने बताया कि इसके बाद उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सामान भी बिखरा था। जब उन्होंने नकदी और गहनों की जांच तो पाया कि चोर एक तोला सोने की चैन, 57,270 रुपये की एक घड़ी, 3,000 रुपये की दूसरी घड़ी और 8,000 रुपये नकद ले गए। बाद में जब उन्होंने आसपास पूछताछ की तो मनोहर, सुभाष, अजय और किशन नामक चार अन्य किरायेदारों के मोबाइल फोन भी चोरी होने का पता चला। अब पीड़िता ने पुलिस से चोरों का पता लगाकर सामान बरामद कराने की मांग की है। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।