- रावलधी निवासी मकान मालिक बिजली निगम हिसार मुख्यालय में अपर सचिव के पद पर हैं तैनात, सदर थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
- रंग-रोगन करने वाले दो श्रमिकों समेत नौकरानी पर शक
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बिजली निगम हिसार मुख्यालय में अपर सचिव के तौर पर तैनात रावलधी निवासी राजकुमार के मकान से आठ लाख रुपये के गहने चोरी हो गए। खास बात यह है कि चोरों ने एक भी ताला नहीं तोड़ा। वारदात के बाद आल्मारियों का ताला बंद कर चाबी पहले वाली जगह पर रख दी। फिलहाल, दादरी सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, शिकायतकर्ता ने रंग-रोगन करने वाले श्रमिकों समेत एक महिला पर चोरी का शक जताया है।
पुलिस को दी शिकायत में रावलधी निवासी राजकुमार पुत्र मेहर सिंह ने बताया कि उन्होंने घर पर रंग-रोगन करवाया था। उस दौरान सभी गहने व नकदी कमरों में रखीं दो आल्मारियों में रखे हुए थे। उन्होंने घर पर रंग-रोगन गांव निवासी दो श्रमिकों से करवाया था। उनके घर सफाई करने के लिए एक महिला भी आती है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रंग-रोगन काम पूरा होने के बाद जब उन्होंने आल्मारियां खोलीं तो उनमें रखे गहने चोरी मिले। नकदी व कुछ अन्य जेवरात वहीं रखे मिले। राजकुमार के अनुसार, बड़े शातिर तरीके से चोरी की गई है। चाबी वहीं रखी मिली, जहां वह रखते थे। इससे पहले चोरों ने चाबी उठाकर आल्मारियों के ताले खोलकर गहने निकाल लिए।
- यह गहने हुए हैं चोरी
बिजली निगम में अपर सचिव राजकुमार ने बताया कि आल्मारियों में रखे उनकी पत्नी व पुत्रवधू के चार सोने के कड़े, एक सोने का उनका कड़ा, एक चेन व लॉकेट, 3 सोने और एक हीरे की अंगूठी, 2 सोने की चेन, 2 जोड़ी चांदी की पाजेब चोर ले गए।
- परिवार में हैं 5 सदस्य, अन्य कोई नहीं आया घर
शिकायतकर्ता के घर पर पांच सदस्य हैं। इनमें शिकायतकर्ता, उनकी मां, पत्नी, बेटा और पुत्रवधू हैं। दोनों श्रमिकों और नौकरानी को छोड़कर घर पर बाहर का कोई शख्स नहीं आया। इसके चलते ही उन्होंने तीनों पर संदेह जाहिर किया है। साथ ही पुलिस से मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई करने की मांग की है।
- शनिवार सुबह पहुंची पुलिस टीम
चोरी की शिकायत मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और शनिवार सुबह ही सदर थाने से टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने वहां से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
वर्सन:
रावलधी गांव निवासी राजकुमार की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही वारदात को सुलझाकर चोरी हुए गहनों की बरामदगी करवा दी जाएगी।
-पवन कुमार, प्रवक्ता, चरखी दादरी पुलिस
फोटो 17
आल्मारी, जिसमें से गहने चोरी हुए, उसे दिखाते मकान मालिक। संवाद
फोटो 18
बिजली निगम हिसार मुख्यालय में अपर सचिव तैनात एवं शिकायतकर्ता राजकुमार। संवाद