धूप से बचने के लिए शहर के कॉलेज रोड से मुंह ढककर गुजरतीं छात्राएं।
चरखी दादरी। क्षेत्र में वीरवार को मौसम साफ एवं शुष्क बना रहा। अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम 21 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की गति 13 किलोमीटर प्रति घंटा रही। वातावरण से अब नमी की मात्रा खत्म होती जा रही है। नमी की मात्रा घटकर 11 प्रतिशत तक पहुंच गई है। फरवरी माह तक नमी की मात्रा 65 से 70 प्रतिशत के बीच बनी हुई थी।
नमी की मात्रा कम होने की वजह से सुबह ओंस नहीं पड़ रही है। इसी वजह से सुबह से ही मौसम शुष्क एवं गर्म होने लगता है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले सप्ताह पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की वजह से तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ गई थी। अब आने वाले दो दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। दिन के समय गर्म हवाओं का दौर बना रहेगा। उन्होंने बताया कि मई माह में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है।