बस स्टैंड रोड स्थित शहर का मुख्य रोज गार्डन।
चरखी दादरी। शहर के पार्क लंबे समय से बदहाल हैं और इनका जीर्णोद्धार करवाने की योजना ठंडे बस्ते में हैं। दूसरी ओर मौजूदा समय में पार्काें में सुविधाओं का अभाव है और इसके चलते शहरवासी परेशान हैं। उन्होंने अधिकारियों से जल्द से जल्द पार्काें की दशा सुधारने की गुहार लगाई है। वहीं, नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
रोजगार्डन, स्वर्ण जयंती पार्क और पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क की दशा सुधारने पर दिव्या नगर योजना के तहत 2.75 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाना है। दूसरी ओर पार्कों में सुविधाओं का अभाव होने से यहां आने वाले लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। जीर्णोद्धार की योजना को प्रशासनिक व तकनीक स्वीकृति मिलने के बाद डेढ़ माह पहले नगर परिषद की ओर से निविदा आमंत्रित की गई थी, जो अब तक सिरे नहीं चढ़ी है।
वैसे पार्कों की सुविधाओं में इजाफा करने की योजना को फरवरी 2024 में प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी और इसके तुरंत बाद अधिकारियों ने फाइल तकनीकी स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेज दी थी। आचार संहिता हटते ही स्थानीय अधिकारियों की ओर से दोबारा से फाइल मुख्यालय भेजी गई, जिसे लंबे समय बाद स्वीकृति मिल पाई। करीब डेढ़ माह पहले पार्काें के जीर्णोद्धार की निविदा आमंत्रित करने के बाद एक्सईएन का तबादला हो गया और अब एक्सईएन की तैनाती न हो पाने के कारण निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।