चरखी दादरी। शहर की नई अनाज मंडी में फसल बेचने के लिए आने वाले किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार सुबह भी 45 मिनट तक सर्वर बंद रहने से किसानों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ा है। हालांकि सर्वर बंद रहने के बाद किसानों के गेहूं व सरसों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को खाली करने के लिए ऑफलाइन मंजूरी दे गई थी लेकिन गेटपास लेने के लिए दोबारा मार्केट कमेटी कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ेंगे।
अनाज मंडी में आवक बढ़ने के साथ परिसर में गेहूं की ढेरियां पहाड़ जैसी दिखने लगी हैं। ऐसे में बारिश होने पर किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। परेशान किसानों ने जिला प्रशासन से सर्वर को सुचारू रूप से चलवाने के अलावा उठान प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है ताकि किसानों के खाते में खरीद का भुगतान समय पर हो सके।
सरकार की ओर से की जा रही फसलों की सरकारी खरीद प्रक्रिया किसानों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। दूरदराज गांवों से फसल बेचने आए किसानों को उस समय सबसे अधिक पीड़ा झेलनी पड़ती है जब खरीद पोर्टल सर्वर लाइन से कनेक्ट नहीं हो पाता। अनाज मंडी में पिछले तीन दिनों से सर्वर में हो रही तकनीकी दिक्कतें किसानों के लिए सिर दर्द बनी हुई है। ऐसा ही नजारा बुधवार सुबह साढे 9 बजे देखने को मिला जब अचानक सर्वर ने काम करना बंद दिया। करीब सवा 10 बजे सर्वर चालू होने के बाद किसानों को राहत की सांस मिल पाई। इस दौरान मार्केट कमेटी कर्मचारियों ने किसानों की भीड़ कम करने के लिए ऑफलाइन रिकॉर्ड दर्ज कर फसलों को बिक्री के लिए आने की मंजूरी दी गई।
परेशान किसान गांव संतोखपुरा निवासी जयपाल, सुरेश कुमार, रविंद्र कुमार, प्रवीन कुमार आदि ने बताया कि भले ही मार्केट कमेटी के कर्मचारियों ने फसल का ब्यौरा ऑफलाइन दर्ज कर बेचने की इजाजत दे दी हो लेकिन जब तक गेटपास नहीं मिलेगा तब तक किसान के हाथ खाली रहेंगे।
बुधवार को 36,738 क्विंटल गेहूं की हुई आवक
जिले में बुधवार को गेहूं की सरकारी खरीद के लिए 829 गेट पास जारी किए गए जिनके माध्यम से बुधवार को 36,738 क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज की गई। बुधवार को 37,143 क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद की गई। अभी तक जिले की मंडियों, खरीद केंद्रों पर 4,42,622 क्विंटल गेहूं की आवक और 1,73,330 क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है। बुधवार तक जिले से 60,998 क्विंटल गेहूं का उठान हो चुका था और 1,12,332 क्विंटल का उठान होना शेष था।
इसी प्रकार जिले में बुधवार को सरसों के 186 गेट पास जारी हुए। इनमें 101 किसानों ने निजी और 85 ने सरकारी बिक्री के लिए गेट पास कटवाए। इनके माध्यम से 5073 क्विंटल सरसों की आवक हुई। बुधवार को 2645 क्विंटल सरसों की सरकारी तथा 2818 क्विंटल की प्राइवेट खरीद हुई।