चरखी दादरी। शहर के मेन बाजार के समीप नगर परिषद की करीब 1100 वर्ग गज जमीन पर प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग की योजना कई वर्ष बीत जाने के बावजूद सिरे नहीं चढ़ सकी है। पार्किंग सुविधा न होने से मेन बाजार सहित आसपास के बाजारों में हर 10 मिनट में जाम की स्थिति बन रही है जिससे न केवल आमजन परेशान हैं बल्कि दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों और वाहन चालकों ने नगर परिषद की खाली पड़ी जमीन पर शीघ्र मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण कराने की मांग की है।
बता दें कि कुछ वर्ष पहले नगर परिषद ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरानी सब्जी मंडी के पीछे स्थित इस जमीन पर मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की योजना तैयार की थी। हालांकि लंबा समय गुजर जाने के बाद भी योजना पर अमल नहीं हो पाया और जमीन आज भी खाली पड़ी है।
पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से मेन बाजार, रेलवे रोड, पुराना दिल्ली रोड, लाला लाजपतराय चौक सहित अन्य बाजारों में ग्राहक आने से कतराने लगे हैं। अधिकांश खरीदार अब ऐसे बाजारों को प्राथमिकता दे रहे हैं जहां वाहन पार्क करना आसान हो। मजबूरी में ग्राहकों को सड़कों के किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं। इससे चालान का डर बना रहता है और वे जल्दबाजी में खरीदारी करने को मजबूर होते हैं।
बाजारों को मिल सकती है बड़ी राहत
पुरानी सब्जी मंडी के पीछे नगर परिषद की 1100 वर्ग गज जमीन पर यदि मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण होता है तो मेन बाजार, शहीद मार्केट, पुराना दिल्ली रोड, आश्रम रोड, काठ मंडी और पुरानी अनाज मंडी में खरीदारी करने आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। साथ ही इससे नगर परिषद को भी राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।
प्रतिदिन पांच हजार से अधिक वाहनों का आवागमन
शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन पांच हजार से अधिक लोग निजी वाहनों से खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचते हैं। पार्किंग व्यवस्था न होने से वाहन कहीं भी खड़े कर दिए जाते हैं जिससे दुकानों के सामने अव्यवस्था फैलती है और कारोबार पर सीधा असर पड़ता है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से शीघ्र निर्णय लेकर मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
क्या कहते हैं दुकानदार ...
शहर के रेलवे रोड, मेन बाजार काफी तंग व पुराने बाजार हैं। पार्किंग न होने से इन बाजारों में कारोबार लगातार ठप होता जा रहा है। बाजार में पार्किंग की सुविधा होना समय की जरूरत है। पार्किंग बनवाने के लिए कई बार जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक पार्किंग सुविधा नहीं मिल पाई है। -रविंद्र गुप्ता, संरक्षक, दादरी नगर व्यापार मंडल।
शहर की पुरानी सब्जी मंडी के पीछे नगर परिषद की करीब 1100 वर्ग गज जमीन पिछले लंबे समय से खाली पड़ी है। नगर परिषद को चाहिए कि वो खाली पड़ी जमीन पर मल्टी लेवल पार्किंग बनवाए, जिससे नगर परिषद को भी अतिरिक्त राजस्व और लोगों को राहत मिले।- विष्णु गोयल, पूर्व प्रधान, अग्रवाल सभा।
पार्किंग न होने के कारण ग्राहक कई बार दुकानों के आगे ही वाहन खड़े कर चले जाते हैं। वाहनों से दुकानें दब जाती हैं और कारोबार पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। प्रशासन को चाहिए कि वो शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों के पास पार्किंग बनवाने का काम करवाए। - राजेश मित्तल, स्थानीय दुकानदार
बाजारों में बेतरतीब ढंग से वाहनों को खड़ा करने से शहर के हर बाजार में जाम की परेशानी बनी हुई है। जिला बनने के बाद वाहनों की संख्या में भी काफी इजाफा हुआ है। शहर के बाजारों में पार्किंग बनाने की दरकार है। -युद्धवीर सिंह, स्थानीय निवासी
वर्जन :
नगर परिषद की इस जमीन पर पार्किंग के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा अन्य स्थानों को भी पार्किंग के लिए चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही पार्किंग की व्यवस्था मुहैया करवाई जाएगी। - बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, दादरी।