चरखी दादरी। गांव छपार में वीरवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर जिले के विधायक सुनील सांगवान ने ग्रामीणों और संभावित लाभार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया। विधायक ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बीपीएल परिवारों को सब्सिडी चेक भी वितरित किए।
विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि यह योजना आम नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली उत्पादन किया जा सकता है, जिससे न केवल बिजली बिल में राहत मिलेगी बल्कि अतिरिक्त बिजली से आय का साधन भी बन सकता है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से इस योजना में सब्सिडी का प्रावधान किया गया है, जिससे आम परिवार आसानी से सोलर सिस्टम लगवा सकते हैं।
जागरूकता अभियान के दौरान अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता शर्तों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने योजना को लेकर उत्साह दिखाया और कई लोगों ने आवेदन करने में रुचि भी प्रकट की। अंत में विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर घर तक सस्ती और स्वच्छ बिजली पहुंचे और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना इस लक्ष्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।