चरखी दादरी। बुधवार अलसुबह से ही दादरी जिले में घनी धुंध छा जाने के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। सुबह के समय दृश्यता 10 मीटर से कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। धुंध का असर सीधे तौर पर यातायात व्यवस्था पर पड़ा और लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ी। खासतौर पर नौकरीपेशा करने वाले लोग, छात्र और व्यापारियों को सुबह के समय दिक्कतों का सामना करना पड़ा। धुंध के कारण सड़क परिवहन सबसे ज्यादा प्रभावित रहा।
वाहनों की रफ्तार पड़ी धीमी
हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ा। कई जगहों पर वाहन चालकों ने एहतियातन लाइटें जलाकर सफर किया, वहीं कुछ स्थानों पर हल्की-फुल्की जाम जैसी स्थिति भी बनी। बस स्टैंड पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, क्योंकि अधिकांश रोडवेज और निजी बसें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। धुंध के कारण बस चालकों ने भी गति कम रखी, जिससे यात्रा समय बढ़ गया।
धुंध में ट्रेन रहीं लेट
रेल यातायात पर भी मौसम का साफ असर देखने को मिला। बुधवार सुबह चलने वाली कई ट्रेनें देरी से दादरी स्टेशन पर पहुंचीं। हरियाणा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 5:42 बजे के बजाय करीब दो घंटे की देरी से 7:39 बजे दादरी पहुंची। इसी तरह साबरमती एक्सप्रेस भी तय समय अलसुबह 4:47 बजे के बजाय 6:16 बजे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेनें लेट होने से यात्रियों को प्लेटफार्म पर ठंड और धुंध के बीच इंतजार करना पड़ा, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को अधिक परेशानी हुई।
कारोबार पर पड़ा असर
मौसम की मार का असर जिले के कारोबार पर भी साफ नजर आया। धुंध और ठंड के चलते लोग घरों से कम बाहर निकले, जिससे बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल काफी कम रही। दादरी के प्रमुख बाजारों में सुबह के समय दुकानें खुली जरूर रहीं, लेकिन ग्राहकों की संख्या कम दिखाई दी। व्यापारियों का कहना है कि ठंड और धुंध के कारण लोग जरूरी सामान खरीदने तक ही सीमित रह रहे हैं, जबकि अन्य खरीदारी फिलहाल टाल दी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार यदि इसी तरह मौसम खराब रहा तो कारोबार पर और असर पड़ सकता है।
धुंध की बनी रहेगी संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी सुबह के समय धुंध बने रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन और यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। कम दृश्यता के चलते धीमी गति से वाहन चलाने, पर्याप्त दूरी बनाए रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। धुंध का यह दौर फिलहाल जिले के लिए चुनौती बना हुआ है, जिससे आमजन को सतर्क रहने की जरूरत है।