चरखी दादरी। दादरी शहर के विभिन्न वार्डों में पिछले लंबे समय से जर्जर गलियों का पुनर्निर्माण करवाने के लिए नगर परिषद की ओर से चार करोड़ 48 लाख 94 हजार रुपये की निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। लगभग 70 गलियों के नवनिर्माण व मरम्मत से संबंधित निविदाएं 21 जनवरी को खोली जाएंगी। जिसके बाद संबंधित एजेंसियों को कार्य आदेश जारी किए जाएंगे। गलियां बनने के बाद लगभग 30 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।
बता दें कि शहर में पिछले लंबे समय से बजट के अभाव में खस्ताहाल गलियों के पुनर्निर्माण का कार्य लंबित था। पार्षदों की ओर से गलियों का निर्माण करवाने के लिए लगातार हाउस की बैठकों में मुद्दे प्रमुखता से उठाए जा रहे थे। कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए नगर परिषद चेयरमैन ने सभी वार्ड पार्षदों से प्राथमिकता अनुसार गलियों को एजेंडे में शामिल करने को कहा था। करीब एक महीने पहले नगर परिषद कार्यालय में आयोजित फाइनेंस एंड कांट्रेक्ट कमेटी की बैठक में एस्टीमेट को स्वीकृति दी गई थी। जिसके बाद अब नगर परिषद ने चार करोड़ 48 लाख 94 हजार रुपये की लागत से 70 गलियों के पुनर्निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
ये होंगे विकास कार्य
नगर परिषद की ओर से शहर के वार्ड 1, 2, 3 और 11 से 14 में जर्जर गलियों की मरम्मत के लिए 21.16 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। वार्ड 9 में जर्जर गलियों के पुनर्निर्माण के लिए 9.42 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं नगर परिषद परिसर में आधुनिक सुविधाओं से लैस सार्वजनिक शौचालय के निर्माण के लिए 36.21 लाख रुपये मंजूर किए हैं।
वार्ड 20 व 21 में गलियों की मरम्मत के लिए 13.43 लाख रुपये के टेंडर लगाए गए हैं। वार्ड 20 में गलियों के निर्माण के लिए 33.34 लाख रुपये, वार्ड चार में 26.68 लाख की लागत से मरम्मत व पुरानी गलियों का निर्माण, वार्ड 16 में गलियों के मरम्मत के लिए 26.12 लाख रुपये, वार्ड 7 व 21 में 14.56 लाख रुपये के टेंडर लगाए गए हैं। वार्ड 15 में 6.09 लाख रुपये से गली की मरम्मत होगी।
वार्ड चार में 31.09 लाख रुपये खर्च कर गलियों का निर्माण करवाया जाएगा। वार्ड 17 में पांच गलियों के निर्माण के लिए 31.89 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड 19 व 17 में गलियों की मरम्मत के लिए 25.18 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। वार्ड 18 में 38.75 लाख रुपये खर्च कर पुरानी व जर्जर गलियों का नवीनीकरण होगा। नगर परिषद कार्यालय परिसर में पार्किंग व्यवस्था पर 24.86 लाख खर्च होंगे। वार्ड 4 व 5 की गलियों की मरम्मत के लिए 28.56 लाख रुपये, वार्ड 18 में सात गलियों पर 30.78 लाख रुपये खर्च किए जाएंगें। वार्ड 6 में गलियों की मरम्मत के लिए 15.43 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड 7 के अलावा अन्य क्षेत्र में गलियों के निर्माण पर 32.18 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
शहर के सभी वार्डों की जर्जर गलियों की मरम्मत व पुनर्निर्माण के लिए पार्षदों से प्राथमिकता अनुसार कार्य करवाने के लिए एजेंडे मांगे गए थे। अब शहर के विभिन्न वार्डों में गलियों के नवनिर्माण व मरम्मत सहित अन्य कार्यों के लिए निविदाएं लगाई गई हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी कर जल्द काम शुरू करवाए जाएंगे।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, दादरी।