कीकरवासनी क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। उपायुक्त मनदीप कौर ने शुक्रवार को कीकरवासनी पोंड का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि पानी निकासी के लिए लगाई गई मोटर 24 घंटे चलें। उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि अगले तीन दिन में इस जगह से पानी निकासी का काम हर हाल में पूरा हो। लोगों को किसी भी स्थिति में क्षेत्र में जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त अपने कार्यालय से वापस जाते समय अचानक कीकरवासनी क्षेत्र पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्हें वहां पानी निकासी के लिए लगाई गई मोटर बंद मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए कि अगले तीन दिन में कीकरवासनी पोंड से पूरी तरह पानी की निकासी होनी चाहिए। किसी भी हाल में पानी निकासी के लिए लगाई मोटर बंद नहीं होनी चाहिए। मोटरों को 24 घंटे चलाना सुनिश्चित करें और पूरी तरह से खाड़ी खाली होने तक मोटर बंद नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने मूलभूत सुविधाओं और आपात सेवाओं से संबंधित सभी विभागों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए हैं कि अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे काम के लिए तैयार रहें। पानी निकासी, पेयजल, बिजली आपूर्ति, सीवर आदि सभी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी सहन नहीं की जाएगी।