बाढड़ा। जुई रोड स्थित अनाज मंडी में शुक्रवार को उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इसमें विधायक उमेद पातुवास ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। वहीं, स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
उमेद पातुवास ने कहा कि शहीदों की बदौलत देश को आजादी मिली। आज हर भारतवासी के लिए खुशी व गर्व का दिन है। हर घर तिरंगा कार्यक्रम से तिरंगे के साथ पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ है। इस दिन के लिए मां भारती के अनगिनत सपूतों ने अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया।
इसके बाद मार्च पास्ट, पीटी शो और स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। सुबह 10:30 बजे विधायक ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, शहीदों की वीरांगनाओं, विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, समाज सेवकों को प्रशंसा पत्र और स्मृति चिह्न देकर भी सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास, एसडीएम योगेश सैनी, नायब तहसीलदार साहिल दलाल आदि मौजूद रहे।