चरखी दादरी। दादरी गैरआबाद सेक्टर क्षेत्र से एवीटी स्टाफ ने कबीर नगर निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास मिले बैग से 5 देसी पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद हुए। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था और उसका साथी पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया। शहर के कबीर नगर निवासी आरोपी रोहित माजरिया से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
शनिवार को डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज सिंह ने एवीटी स्टाफ कार्यालय में पत्रकारवार्ता कर आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दादरी एवीटी स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि गैरआबाद सेक्टर में कबीर नगर निवासी रोहित उर्फ माजरिया अपने साथी के साथ अवैध हथियार लिए खड़ा है और किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है।
इस आधार पर टीम वहां पहुंची। एवीटी स्टाफ को देखकर एक आरोपी फरार हो गया जबकि रोहित उर्फ माजरिया गिरफ्त में आ गया। उसके पास से बैग बरामद हुआ, जिसे खोलकर देखने पर 5 देसी पिस्तौल और 11 कारतूस मिले। एक देसी पिस्तौल मैगजीन वाला है। उन्होंने बताया कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
- खूनी रंजिश से जुड़े हो सकते हैं तार
गिरफ्तार युवक कबीर नगर क्षेत्र का रहने वाला है और कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र निवासी युवक की डंडों से पीटकर हत्या की गई थी, जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ था। वहीं, इस हत्याकांड के बाद भी खूनी रंजिश में जानलेवा हमले में हो चुके हैं। ऐसे में रोहित उर्फ माजरिया से 5 पिस्तौल बरामद होना एक और खूनी वारदात की ओर इशारा कर रहा है।
- पूछताछ से खुलेगा कहानी
डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि वो इतनी मात्रा में अवैध हथियार कहां से और कितनी कीमत पर खरीदकर लाया था। किस वारदात को उसे अंजाम देना था। एवीटी प्रभारी सतीश की टीम उससे पूछताछ कर रही है।